प्रसिद्ध पॉप सिंगर नाज़िया हसन के जन्मदिन पर हार्दिक श्रद्धांजलि
फिल्म इंडस्ट्री में ऐसे लोग बेहद कम ही कलाकार होते हैं जो बहुत छोटी उम्र से ही लोगों के दिलों में जगह बना लेते हैं। महज एक गाने से क्या कोई सिंगर बॉलीवुड पर हमेशा के लिए छाप छोड़ सकता है? ये सुनकर ही कुछ अजीब सा लगता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बॉलीवुड में एक सिंगर ऐसी भी रही हैं जिन्होंने महज 15 साल की उम्र में एक गाना गाकर ही फिल्मफेयर अवॉर्ड अपने नाम कर लिया था। ये सिंगर थीं नाजिया हसन
नाजिया हसन का जन्म 3 अप्रैल 1965 को करांची, पाकिस्तान में हुआ था। नाजिया पॉप सिंगर थीं। नाजिया को बॉलीवुड में लॉन्च करने वाले फिरोज खान थे। फिरोज खान ने नाजिया को पहली बार लंदन में एक पार्टी के दौरान सुना। उन्हें नाजिया की आवाज इनती पसंद आई कि उन्होंने नाजिया को अपनी फिल्म 'कुरबानी' में गाने का मौका दे दिया। इस समय नाजिया महज 15 साल की थीं। नाजिया ने इस फिल्म में जो गाना गाया वो 'आप जैसा कोई मेरी जिंदगी में आए तो बात बन जाए...' था।
इस गाने से नाजिया रातों रात पॉप सिंगिंग स्टार बन गईं। इस गाने के लिए उन्हें बेस्ट प्लेबैक सिंगर का फिल्म फेयर अवॉर्ड भी मिला। इतना ही नहीं नाजिया को इसके बाद फिल्में भी ऑफर हुईं। लेकिन नाजिया ने इसमें दिलचस्पी नहीं दिखाई। नाजिया से एक इंटरव्यू में पूछा गया था कि, 'हमने सुना है और अखबारों में भी पढ़ा है कि आपको फिल्मों के भी ऑफर मिल रहे हैं?' इस सवाल के जवाब में नाजिया ने कहा, 'जी हां मुझे ऑफर मिल रहे हैं लेकिन मैंने सभी ऑफर्स को मना कर दिया है। क्योंकि मुझे फिल्मों में काम करने का शौक नहीं है।'
नाजिया ने अपने करियर की शुरुआत महज 10 साल की उम्र से कर दी थी। उनका पहला एलबम 'डिस्को दीवाने' था जो सुपरहिट हुआ था। नाजिया की पढ़ाई लंदन में हुई थी। उन्होंने लंदन से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन एंड इकोनॉमिक्स में बैचलर डिग्री ली थी। इसके साथ ही उन्होंने लॉ भी किया था। नाजिया ने अपने छोटे से सिंगिग करियर में बूम-बूम, यंग तरंग, हॉटलाइन, कैमरा कैमरा नामक कई गाने गाए थे। इसके अलावा नाजिया खुद गीत लिखती भी थीं।
नाजिया का फिल्मी सफर तो बेहतरीन रहा। उन्होंने बहुत छोटी सी उम्र में ही काफी बड़ा नाम कमा लिया था। लेकिन नाजिया की निजी जिंदगी कुछ खास नहीं रही। नाजिया ने साल 1995 में इश्तियाक बेग से शादी की थी। इश्तियाक एक बिजनेसमैन थे। लेकिन उनकी शादीशुदा जिंदगी ठीक नहीं रही। शादी के दो साल बाद 1997 में उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया। सबसे अचंभे की बात तो ये है कि नाजिया के निधन से महज 10 दिन पहले उनका तलाक हुआ था। नाजिया को महज 30 साल की उम्र में ही कैंसर हो गया था। जिसके बाद उन्होंने पांच सालों तक इस बीमारी के साथ जंग लड़ी। लेकिन वो इससे ज्यादा दिनों तक नहीं लड़ सकीं और 13 अगस्त 2000 को उनका लंदन के ही अस्पताल ही निधन हो गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें